कपाली/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी अंतर्गत तमोलिया के दुखी मंदिर के समीप सोमवार देर रात दो पड़ोसियों के बीच हुए हिंसक झड़प में एक महिला एवं एक हिस्ट्रीशीटर अपराध कर्मी घायल हो गए हैं. दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया जहां दोनों का इलाज चल रहा है.

घटना में घायल महिला का नाम नरगिस बताया जा रहा है जबकि युवक का नाम गोल्डन है जो हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और पूर्व में भी जेल जा चुका है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दोनों पड़ोसियों के बीच सुबह से ही किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था जो रात आते-आते हिंसक रूप अख्तियार कर लिया. दोनों पक्षों से चाकू एवं टांगी से वार किए जाने का मामला प्रकाश में आया है. नरगिस के पेट में चाकू के दो निशान पाए गए हैं, जबकि गोल्डन टांगी के वार से घायल हुआ है. उसके शरीर के कई हिस्सों में टांगी के जख्म के निशान पाए गए हैं. जानकारी मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

