चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है सबसे ज्यादा परेशानी विद्यालय जाने वाले छात्र- छात्राओं को हो रही है. क्षेत्र के कई स्कूलों के रास्ते पर भारी जलजमाव हो गया है. मासूम बच्चे हर दिन जूते हाथ में लेकर घुटनों तक भरे पानी में चलने को मजबूर हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है. स्कूल जाने के रास्तों की बदहाली यह दर्शाती है कि शिक्षा को लेकर सरकार की प्राथमिकता कितनी खोखली है. क्या यही शिक्षा का अधिकार है जहां बच्चे स्कूल पहुंचने से पहले जलजमाव से लड़ते हैं. क्या यही डिजिटल और विकसित भारत है जहां छात्र अब भी सड़क और नाला पार कर स्कूल जाते हैं.
आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष मोहम्मद एजाज अहमद ने कहा कि पूरे कपाली की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है. हमारी मांग है कि संबंधित स्कूलों और उनके आस- पास की सड़क और नाली की जल्द मरम्मत कराई जाए. जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए ताकि छात्र- छात्राएं सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से स्कूल जा सकें. उन्होंने शिक्षा मंत्री से अनुरोध किया कि वे स्वयं स्थिति का स्थलीय निरीक्षण करें और अविलंब कार्रवाई सुनिश्चित कराएं.

