कपाली/ Afroz Mallik ओपी पुलिस की सतर्कता और मानवीय पहल का एक सराहनीय मामला सामने आया है. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार 12 लावारिस भैंसों के मालिक का पता लगाने में लगातार प्रयास कर रहे हैं.

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 9:00 बजे थानेदार धीरंजन कुमार पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान पार्टी पैलेस के पास से गुजर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने देखा कि सड़क के बीचो-बीच भैंसों की एक लंबी कतार चल रही है, जिससे कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता था.
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए थानेदार ने तुरंत पेट्रोलिंग वाहन रुकवाया और पुलिस बल के सहयोग से सभी भैंसों को सुरक्षित रूप से एक स्थान पर इकट्ठा किया. इसके बाद आसपास के इलाकों में भैंसों के मालिक की तलाश को लेकर पूछताछ शुरू की गई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी.

इसके बाद थानेदार धीरंजन कुमार ने अपने जिले के अन्य थानों के साथ- साथ जमशेदपुर जिले के सभी थानों से भी संपर्क कर भैंसों के संबंध में जानकारी साझा की, ताकि उनके मालिक का पता लगाया जा सके. देर रात करीब 11:30 बजे तक पूछताछ के बावजूद भैंसों के मालिक का कोई सुराग नहीं मिला.
मानवीय संवेदना और पशुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थानेदार धीरंजन कुमार ने सभी 12 भैंसों को एक सुरक्षित स्थान पर भिजवाने की व्यवस्था की, जहां उनके खाने- पीने और देखरेख की समुचित व्यवस्था की गई है. उन्होंने बताया कि भैंसों के मालिक की तलाश अभी भी जारी है.
थानेदार धीरंजन कुमार ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी की भैंसें लापता हुई हों या इस संबंध में किसी को कोई जानकारी हो, तो वे कपाली ओपी पुलिस से संपर्क कर सकते हैं. पुलिस की इस तत्परता और जिम्मेदार कार्यशैली की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है.

