चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक स्क्रैप टाल में अचानक आग लगने से अफरा- तफरी मच गई. घटना डोबो- कान्दरबेड़ा मुख्य मार्ग पर कमाड़गोड़ा के पास रात करीब 11:30 बजे की है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टाल से अचानक आग की लपटें उठने लगीं. आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी. बताया जाता है कि स्क्रैप टाल में भारी मात्रा में प्लास्टिक की खाली बोतलें और प्लास्टिक के बोरे रखे हुए थे. ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई.
स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने से स्थिति गंभीर हो गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस बल तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि टाल में रखे सामान को नुकसान पहुंचा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.

