चांडिल/ Afroj Mallik कपाली क्षेत्र की स्थिति दिनोंदिन बदतर होती जा रही है. गैस गोदाम के समीप जामुन पेड़ के पास स्थित मुख्य सड़क अब तालाब में तब्दील हो चुकी है. जनप्रतिनिधियों की अनदेखी और नगर परिषद की लापरवाही के कारण यह सड़क स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बन गई है. बारिश के बाद यहां पानी निकलने की कोई व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर लगातार जलजमाव बना रहता है.

यह सड़क कपाली की एक प्रमुख मार्ग है, जिससे रोजाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं. स्कूल जाने वाले छात्र- छात्राएं, महिलाएं, बुजुर्ग और कामकाजी लोगों को इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है. पानी और कीचड़ से भरी इस सड़क पर पैदल चलना मुश्किल हो गया है. वहीं दोपहिया वाहन चालकों को हादसे का डर बना रहता है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत कई बार जनप्रतिनिधियों और नगर परिषद से की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और जलनिकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है. ताकि कपाली के लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके.

