चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित अलबेला गार्डन के चर्चित मोहम्मद रागीब हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस मामले के फरार आरोपी मोहम्मद तारीक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की. बताया गया कि 5 नवंबर 2023 को मोहम्मद रागीब नामक युवक की शाम के समय अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया था.
घटना के विरोध में कपाली की महिलाओं समेत बस्ती के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कपाली ओपी का घेराव भी किया था. इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई करते हुए इस कांड से जुड़े कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
हालांकि इस मामले में मोहम्मद तारीक और एक अन्य आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे. इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी जमशेदपुर के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित कोहिनूर टावर के आसपास मौजूद है. सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि इस मामले में फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

