चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में की गई.

पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से एक अवैध 7.65 एमएम पिस्टल, जिस पर USA लिखा हुआ है, और दो जिंदा गोली बरामद की है. इस संबंध में जानकारी देते हुए कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान कपाली क्षेत्र के हाशमी मोहल्ला निवासी शेख इरफान के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 19 वर्ष है.

पुलिस के अनुसार आरोपी युवक पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में अवैध पिस्टौल के बल पर वीडियो रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दहशत फैलाने का काम कर रहा था, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ था. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की मंशा रंगदारी वसूलने की थी.
कपाली ओपी पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी हुई है कि आरोपी किसके इशारे पर इस तरह की आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था और उसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध 7.65 एमएम पिस्टल और दो जिंदा गोली जब्त की गई. सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है. वहीं, आम नागरिकों ने कपाली पुलिस की इस सख्त कार्रवाई की सराहना की है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून- व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

