चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत इस्लामनगर स्थित बाबागुंडी चांदनी चौक के पास से सोमवार को कपाली ओपी पुलिस ने लावारिस हालत में एक काले रंग की हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस को आशंका है कि मोटरसाइकिल चोरी की हो सकती है, क्योंकि वाहन के आगे और पीछे का रजिस्ट्रेशन नंबर पूरी तरह मिटाया गया है.

कपाली ओपी के सब इंस्पेक्टर मोहम्मद खुर्शीद आलम ने बताया कि सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर जांच की गई. जांच में मोटरसाइकिल पर अंकित चेसिस नंबर 03A20F48022 पाया गया है, जिसके आधार पर वाहन के असली मालिक का पता लगाया जा रहा है. पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त कर ओपी परिसर में सुरक्षित रख लिया है और आसपास के इलाकों में हुई वाहन चोरी की घटनाओं से मिलान कर जांच की जा रही है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी की हीरो होंडा मोटरसाइकिल चोरी हुई हो तो कपाली ओपी से संपर्क करें.

