चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली सरकारी प्लस टू हाई स्कूल के समीप बीती रात एक अज्ञात हाईवा डंपर द्वारा चिट्टा मिट्टी को बीच सड़क पर डंप कर दिया गया, जिससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई. अचानक रात में हुई इस घटना के कारण सुबह होते ही हालात गंभीर हो गए और स्कूल, काम तथा अन्य जरूरी कार्यों से निकलने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़क पर फिसलन बढ़ जाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी.

इसी बीच इंडिया न्यूज़ वायरल में खबर प्रकाशित होते ही कपाली थाना प्रभारी धीरंजन कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को समझते हुए निजी खर्च पर मजदूरों को बुलाया. उन्होंने सड़क पर डंप की गई पूरी चिट्टा मिट्टी को हटवाकर पास के गड्ढे में डलवाया और सड़क को समतल करवाया, जिससे कुछ ही समय में आवागमन फिर से सुचारू हो सका.

थानेदार धीरंजन कुमार के इस त्वरित और मानवीय कदम से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली. स्थानीय निवासियों ने उनके इस कार्य की खुलकर प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने मानवता, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है. लोगों का कहना है कि ऐसे अधिकारी ही आम जनता और पुलिस प्रशासन के बीच भरोसे की मजबूत कड़ी बनते हैं.
कपाली क्षेत्र में इस मानवीय पहल की चर्चा हर ओर हो रही है और लोग थानेदार धीरंजन कुमार के इस सराहनीय कार्य के लिए उन्हें साधुवाद दे रहे हैं.

