चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में अपराध पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान दोपहिया वाहनों की सघन जांच की गई.

चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल को संदिग्ध स्थिति में पाया गया, जिसे पुलिस ने तत्काल जप्त कर लिया. इस अभियान की कमान खुद कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार संभाल रहे थे.
वे चेकिंग प्वाइंट पर लगातार मौजूद रहकर हर गतिविधि पर नजर रख रहे थे. धीरंजन कुमार ने बताया कि यह अभियान क्षेत्र में बढ़ते अपराध और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए चलाया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध पर रोक के लिए पुलिस पूरी सख्ती बरतेगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि ऐसे चेकिंग अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे.
लोगों को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देनी चाहिए.

