चांडिल/ Afroz Mallik कपाली पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री की जा रही है.

इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रामु चौक में विशेष छापेमारी अभियान चलाया और एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 21 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई. पूछताछ में एक अन्य युवक ने भी ब्राउन शुगर की तस्करी में संलिप्त होने की बात स्वीकार की.
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद सरफराज शेख को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. बताया गया कि आरोपी सरफराज ताजनगर, जुबैर रासन दुकान के समीप का रहने वाला है और पहले भी दो मामलों में जेल जा चुका है.
कपाली थानेदार धीरंजन कुमार ने कहा कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्राउन शुगर सहित किसी भी तरह का नशे का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस प्रशासन पूरी सख्ती के साथ ऐसे अपराधियों पर नकेल कसने के लिए प्रतिबद्ध है.

