चांडिल/ Afroz Mallik कपाली पुलिस ने नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए शनिवार को हांशाडुगरी इलाके में छापेमारी की. इस दौरान कुछ नौजवान युवक नशाखोरी करते पाए गए लेकिन पुलिस को देखते ही अंधेरे का फायदा उठाकर सभी मौके से फरार हो गए. तलाशी के दौरान पुलिस ने रिजला पेपर बरामद किया जिसे तत्काल नष्ट कर दिया गया. यह कागज आमतौर पर गांजा भरकर पीने के लिए इस्तेमाल किया जाता है.

कपाली थानेदार धीरंजन कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र में नशाखोरी और नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने यह भी बताया कि नशे की चपेट में आ रहे युवाओं को बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस हर संभव कार्रवाई कर रही है. थानेदार ने आम जनता से अपील की कि नशा करने वालों और नशे का कारोबार करने वालों की सूचना पुलिस को तुरंत दें ताकि उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके. पुलिस की यह कार्रवाई नशे पर नियंत्रण और युवा पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

