चांडिल/ Afroj Mallick

सरायकेला- खरसावां जिला के कपाली ओपी पुलिस ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया. यह अभियान सुबह 11 बजे से शुरू हुआ और लगातार जारी रहा. चेकिंग के दौरान पुलिस ने विभिन्न चौक- चौराहों और मुख्य सड़कों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की.
पुलिस ने विशेष रूप से बिना नंबर प्लेट, बिना हेलमेट, बिना वैध कागजात, अवैध हथियार और नशीला पदार्थ लेकर चलने वाले वाहनों को रोका. इस दौरान एक कार चालक द्वारा वाहन के वैध दस्तावेज नहीं दिखाए जाने पर कार को जब्त कर लिया गया है और वाहन मालिक को कागजात प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है. कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने बताया कि यह अभियान अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाया जा रहा है और आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा. उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे पुलिस को सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें.

