चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत गौरी घाट में अवैध रूप से हो रहे बालू निकासी के खिलाफ शनिवार को पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. जहां कपाली ओपी प्रभारी ने अलग अंदाज में छापेमारी कर बालू उठाव में लगे तीन ट्रैक्टर को जप्त किया है. कपाली थानेदार धीरंजन कुमार ने मजदूर के वेश में गौरी घाट में दबिश दी जिसके बाद बालू उठाव में लगे ट्रैकर चालकों में हड़कंप मच गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि गौरी घाट से बिना वैध अनुमति के बड़े पैमाने पर बालू का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है. शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कपाली ओपी पुलिस ने गौरी घाट में विशेष छापेमारी अभियान चलाया.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से बालू लदे तीन ट्रैक्टर को पकड़ा, जो अवैध रूप से बालू का उठाव कर रहे थे. कार्रवाई के बाद तीनों जप्त ट्रैक्टर को कपाली ओपी लाया गया. कपाली थानेदार धीरंजन कुमार ने बताया कि अवैध बालू निकासी और परिवहन के मामले में खनन विभाग को सूचना दे दी गई है. खनन अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी. पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है.

