चांडिल/ Afroz Mallik कपाली के डोबो पुलिया और आसपास के क्षेत्रों में शाम होते ही नवयुवकों और युवतियों के जमावड़े की सूचना पर कपाली पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि फोन पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि पुलिया और डैम क्षेत्र में अड्डेबाजी, नशाखोरी, क्राइम की योजना, बर्थडे पार्टी, रील बनाना तथा मोटरसाइकिल से स्टंट करने जैसी गतिविधियां हो रही थीं. इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है और पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है.

प्रभारी ने बताया कि अधिकांश युवक- युवतियां जमशेदपुर और आसपास के इलाकों से यहां आते हैं, जिससे कभी- कभी लड़ाई- झगड़े और पुलिया से कूदकर आत्महत्या करने जैसी घटनाएं भी हो चुकी हैं. कपाली पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस तरह की किसी भी गतिविधि में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे भी सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें.

