चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में जमीन विवाद से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है. खाता संख्या 64, प्लॉट संख्या 1297, मौजा कपाली स्थित अल्बेस्टर मकान को लेकर महिला शहगुफ्ता अफजल ने फर्जी दस्तावेज के जरिए कब्जा करने का आरोप लगाया है.

शहगुफ्ता अफजल ने कपाली ओपी में शिकायत दर्ज कराई है कि जहां आरा और उनके सहयोगी फिरोज़ खान, परवेज़ खान, राजन खान और सफीक अंसारी ने एक साजिश के तहत फर्जी कागजात तैयार किए. इन लोगों ने उनके नाम से जाली हस्ताक्षर कर मकान पर जबरन कब्जा कर लिया. शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने न सिर्फ फर्जी दस्तावेजों के सहारे मकान हड़पने की कोशिश की, बल्कि मकान का ताला तोड़कर जबरन उसमें घुसपैठ भी की. इसके बाद मकान पर अवैध कब्जा कर लिया गया. मामले को गंभीरता से लेते हुए कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज की है. साथ ही अनुसंधान पदाधिकारी अनीता सोरेन को मामले की जांच सौंपी गई है. ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी. उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

