चांडिल/ Afroj Mallick सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में नशाखोरी, अड्डेबाजी, ट्रिपल राइडिंग, बिना नंबर प्लेट बाइक चलाना और टेस्ट ड्राइव जैसी गतिविधियों पर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. मंगलवार को कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार के नेतृत्व में ताज नगर स्थित एक मैदान में छापेमारी की गई, जहां कुछ युवक नशाखोरी करते पाए गए.

पुलिस को मौके पर देखकर सभी युवक भाग निकले, लेकिन घटनास्थल से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल बरामद की है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि बाइक किसकी है और इसका मालिक कहां का रहने वाला है.
कपाली ओपी प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कपाली के नागरिकों से भी आह्वान किया कि नशाखोरी, अड्डेबाजी और ट्रिपल लोड, टेस्ट ड्राइव करने वाले युवकों की रोकथाम में पुलिस की मदद करें. पुलिस हमेशा जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर है.

