चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में चोरी के एक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शेख राजा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.


कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने बताया कि वर्ष 2025 में क्षेत्र के एक मकान में चोरी की घटना हुई थी, जिसे दो आरोपियों ने अंजाम दिया था. इस दौरान घर से कीमती सामानों की चोरी की गई थी. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया था और पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव था.
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी यासीर अंसारी उर्फ यसीर बच्चा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. वहीं दूसरा आरोपी शेख राजा घटना के बाद से फरार चल रहा था.
ओपी प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस के अनुसार मामले की जांच पूरी कर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. साथ ही क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

