चांडिल/ Afroz Mallik कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस को चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान जमशेदपुर के मानगो निवासी जुनैद फिरोज, उम्र करीब 25 वर्ष, के रूप में हुई है.

इस संबंध में जानकारी देते हुए कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि कपाली ओपी क्षेत्र के हिम्मतनगर तैलंगी तालाब के पास एक युवक घर में घुसकर चोरी करने का प्रयास कर रहा है. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर ओपी लाई.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर कपाली और आसपास के क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की है. वहीं आरोपी के फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा. कपाली ओपी पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह पर शिकंजा कसने की दिशा में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.

