चांडिल/ Afroj Mallick

नगरपालिका आम चुनाव को लेकर चल रही सख्ती के बीच कपाली ओपी पुलिस ने वर्ष 2017 से फरार वारंटी मोहम्मद अल्तमस को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार युवक को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार क्षेत्र में फरार वारंटियों और कांड के अभियुक्तों की धरपकड़ तेज की गई है. इसी क्रम में मोहम्मद अल्तमस, उम्र 25 वर्ष, पिता मोहम्मद इस्लाम को गिरफ्तार किया गया.
उन्होंने बताया कि आरोपी मूल रूप से गरीब कॉलोनी, धोबी तालाब, चाईबासा का निवासी है. वर्ष 2017 में जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना में उसके विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था. पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वह लगातार ठिकाना बदलता रहा और हाल में कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत अल-कबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास छिपकर रह रहा था.
ओपी प्रभारी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए क्षेत्र में सभी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है. फरार वारंटियों, कांड के अभियुक्तों और दागियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्र के सभी वारंटी स्वयं न्यायालय में उपस्थित होकर जमानत लें, अन्यथा पुलिस कार्रवाई करेगी.
कपाली ओपी पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगा. छापेमारी दल में ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार समेत शास्त्रबल के जवान शामिल थे.

