चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिला के कपाली ओपी अंतर्गत ताज नगर बंधुगोड़ा प्राथमिक विद्यालय के समीप शनिवार सुबह एक 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान अशर्फी कॉलोनी रोड नंबर 3 निवासी साबिर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि साबिर बीते तीन दिनों से लापता था. परिजनों द्वारा इस संबंध में कपाली ओपी में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी.

शनिवार की सुबह स्थानीय लोगों ने विद्यालय के पास एक शव पड़े होने की सूचना दी, जिसके बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे. परिजनों ने साबिर की मौत को साजिशन हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं पुलिस का प्रारंभिक आकलन है कि किशोर की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हो सकती है.
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच की जा रही है. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और कई सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

