चांडिल/ Afroz Mallik गुरुवार को कपाली नगर परिषद की ओर से स्वच्छता को लेकर विशेष पहल की गई है. परिषद द्वारा “एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान” के नाम से अभियान चलाया गया. इस अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाना बताया गया. नगर परिषद के अधिकारी व कर्मचारी इस अभियान में शामिल होकर सफाई करते दिखाई दिए.

लेकिन दूसरी ओर कपाली नगर परिषद क्षेत्र का वार्ड संख्या 11 उपेक्षा का शिकार है. यहां की मुख्य सड़क पिछले कई महीनों से जलजमाव में फंसी हुई है. बरसात का पानी निकलने का कोई समुचित प्रबंध न होने से जगह-जगह गड्ढों में पानी भर गया है. लगातार जमा पानी अब काले रंग में बदल चुका है, जिससे न केवल दुर्गंध फैल रही है बल्कि मच्छरों के पनपने से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को रोज इस जलजमाव से होकर गुजरना पड़ता है. वहीं रोजमर्रा के काम पर जाने वाले राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. पानी के बीच से गुजरना लोगों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है. निवासियों ने बताया कि समस्या कई महीनों से बनी हुई है और इसकी शिकायत कई बार नगर परिषद से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.
ऐसे में लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर नगर परिषद केवल दिखावे के लिए अभियान चलाएगी और जमीनी हकीकत पर ध्यान नहीं देगी, तो आम जनता की समस्याओं का समाधान कब होगा. स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से वार्ड 11 में जमा पानी की निकासी और सड़क मरम्मत की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो यहां की स्थिति और भी भयावह हो सकती है. एक तरफ जहां नगर परिषद कागजों पर और प्रचार माध्यमों में स्वच्छता अभियान की चमक बिखेर रही है, वहीं दूसरी ओर वार्ड 11 की बदहाल स्थिति नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है.
देखिए video

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
