चांडिल/ Afroz Mallik कपाली नगर निकाय चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. शुक्रवार शाम डोबो स्थित सेशन-27 रेस्टोरेंट में झारखंड मुक्ति मोर्चा की एक अहम बैठक जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो के नेतृत्व में आयोजित की गई.

बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी की औपचारिक घोषणा की गई. साथ ही बताया गया कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी 21 वार्डों से वार्ड पार्षद प्रत्याशियों की सूची भी जल्द जारी की जाएगी.
बैठक में वार्ड संख्या 20 से वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी सुभान उर्फ सिंटू मौजूद रहे. उल्लेखनीय है कि इससे पहले झामुमो नेता अब्दुल कलाम ने वार्ड 20 से चुनाव लड़ने की घोषणा की थी. हालांकि बैठक के बाद उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए चुनाव न लड़ने का निर्णय लिया.
अब्दुल कलाम ने कहा कि वे वार्ड 20 से चुनाव लड़ रहे सुभान उर्फ सिंटू को अपना पूरा समर्थन देंगे. उन्होंने कहा कि उनके सभी समर्थक और कार्यकर्ता सुभान के साथ रहेंगे और वार्ड 20 से उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे.
बैठक में झामुमो नेता मोहम्मद अरशद, जब्बार हयात, पूर्व और वर्तमान वार्ड पार्षद संतोष महतो, समाजसेवी बप्पा महतो, महादेव तुरहा, परेश महतो, रितेश महतो, कल्लु महतो सहित वार्ड 20 के कई मतदाता उपस्थित रहे. सभी ने एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशियों को जिताने का संकल्प लिया और सुभान उर्फ सिंटू के समर्थन में नारे लगाए.

