सरायकेला: जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में सोमवार को ठंड से राहत दिलाने के उद्देश्य से कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन 21 नंबर वार्ड स्थित नए फुटपाथ विक्रेता केंद्र परिसर में किया गया, जिसमें ईचागढ़ विधायक सविता महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं.

कार्यक्रम के दौरान विधायक सविता महतो ने गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच 800 से अधिक कंबलों का वितरण किया. कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ तौर पर देखी गई.
इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि ठंड के मौसम में जरूरतमंदों की मदद करना समाज और सरकार दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और नगर परिषद जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लगातार गरीब और वंचित वर्ग तक सहायता पहुंचाने का कार्य कर रही है.
विधायक ने कपालीवासियों से अपील की कि 21 नंबर वार्ड में बने नए फुटपाथ विक्रेता केंद्र और मार्केट से रोजमर्रा की खरीदारी कर स्थानीय व्यापारियों को प्रोत्साहित करें.
उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और नगर क्षेत्र का समग्र विकास होगा.
नगर परिषद की ओर से बताया गया कि आगे भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिल सके. कार्यक्रम में कपाली नगर परिषद के प्रशासक गोपी कृष्णा, सिटी मैनेजर शकील अनवर मेहंदी, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, सरवर आलम, शेख फरीद, मो. अरशद, मो. नौशाद सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे.

