चांडिल/ Afroz Mallik कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 21 में नगर परिषद की लापरवाही से लोगों की जान पर बन आई है. कपाली ओपी से करीब 200 मीटर की दूरी पर मुख्य मार्ग पर स्थित नाले का ढक्कन 10 दिन पहले जेसीबी मशीन से कचरा सफाई के दौरान हटाया गया था, लेकिन आज तक उस पर ढक्कन नहीं लगाया गया है.

इस रास्ते से रोजाना हजारों की संख्या में स्कूली बच्चे और आम लोग गुजरते हैं. नाले के खुले रहने से किसी भी वक्त बड़ी दुर्घटना घट सकती है. स्थानीय लोगों ने अपनी समझदारी से अस्थायी उपाय करते हुए डंडा और सीमेंट की बोरी गाड़कर सेफ्टी का इंतजाम किया है ताकि राहगीरों को नाला दिखाई दे.

लोगों का कहना है कि नगर परिषद केवल कागजों पर सफाई और विकास का दावा करती है जबकि जमीनी स्तर पर जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं नाले का ढक्कन अभी सड़क किनारे पड़ा हुआ है, लेकिन परिषद की ओर से अब तक कोई पहल नहीं की गई है. क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर नगर परिषद शीघ्र कार्रवाई नहीं करती तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे.

