चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 8 स्थित फैज़ाने अबू बकर मस्जिद के पास की सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है. सड़क की बदहाली के कारण स्थानीय निवासियों, नमाज़ियों और रोज़ाना आने- जाने वाले राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो गई है, जहां जगह- जगह पानी भरने से सड़क पर लबालब कीचड़ जमा हो गया है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि मस्जिद आने- जाने वाले बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. कई बार लोग फिसल कर गिर भी चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. स्थानीय निवासी मोहम्मद साजिद ने बताया कि नगर परिषद और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला.
जर्जर सड़क से गुजरने वाले स्कूली बच्चों और महिलाओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे. साथ ही नगर परिषद से मांग की गई है कि मस्जिद के पास की सड़क को तत्काल दुरुस्त किया जाए, जिससे लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे से बचाव हो सके.

