चांडिल/Afroj Mallick: सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत कपाली नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चांडिल इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने कपाली क्षेत्र पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया.

जमशेदपुर और सरायकेला को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कों पर जिला प्रशासन के निर्देश पर चार स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है. इन बैरिकेड के माध्यम से आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है. उद्देश्य है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी धीरंजन कुमार सहित शस्त्रबल के जवान मौजूद रहे. अधिकारियों ने एक-एक बैरिकेड का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. साथ ही वाहन जांच अभियान को और सख्त करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया.
इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि 23 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. चुनाव अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
प्रशासन की ओर से मतदाताओं से भी अपील की गई है कि वे निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें. यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें. ताकि कपाली नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराया जा सके.

