चांडिल/ Afroz Mallik प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. मतदाता नए और सक्रिय नेतृत्व की तलाश में हैं, जबकि प्रत्याशी जनता का भरोसा जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं.

कपाली नगर परिषद चुनाव में शनिवार तक अध्यक्ष पद के लिए 10 संभावित प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा खरीदा है, जबकि 21 वार्डों के लिए कुल 109 पर्चे दर्ज हैं. इस चुनावी समर में वार्ड संख्या 16 से पत्रकार की पत्नी और शिक्षिका पूजा महतो ने पूरी दमखम के साथ अपनी दावेदारी पेश की है.
केंदडीह निवासी पूजा महतो ने चांडिल प्रखंड सह अंचल कार्यालय से नामांकन पर्चा खरीदा है. उनके समर्थकों के अनुसार आगामी 3 फरवरी को वे वार्ड संख्या 16 से अपना नामांकन पर्चा विधिवत दाखिल करेंगी. इस वार्ड की सीट अनारक्षित महिला कोटे की है. बीते चुनाव में यहां से चांदनी उरांव पार्षद निर्वाचित हुई थीं, लेकिन इस बार बदलाव की बयार साफ नजर आ रही है. स्थानीय मतदाता चाहते हैं कि नए चेहरे ईमानदारी और सक्रियता के साथ अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा करें.
पूजा महतो वर्तमान में कपाली के एक प्रतिष्ठित अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में शिक्षिका हैं. उनकी शिक्षित, सरल और सामाजिक छवि के कारण क्षेत्र में लोकप्रियता बढ़ रही है. शिक्षा जगत से जुड़ाव और स्थानीय समस्याओं की समझ के कारण मतदाताओं को उनसे विकास की नई उम्मीदें हैं. वार्ड संख्या 16 में पूजा महतो की एंट्री के साथ ही चुनावी माहौल और रोचक हो गया है. अब यह देखना होगा कि जनता इस बार बदलाव की उम्मीद पर किस तरह मुहर लगाती है.

