सरायकेला/ Afroz Mallik जिले के कपाली ओपी क्षेत्र से लापता हुई 19 वर्षीय युवती सोनम परवीन देर रात सुरक्षित मिल गई. युवती के सकुशल घर लौटने से परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली है.

मिली जानकारी के अनुसार कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत गौसनगर बगदादिया मस्जिद के समीप रहने वाले अफताब अंसारी की पुत्री सोनम परवीन शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे से लापता हो गई थी. बताया जाता है कि सुबह घर में किसी बात को लेकर सोनम और उसकी मां के बीच कहासुनी हो गई थी. इसके बाद वह घर में ही थी, लेकिन कुछ देर बाद परिवार के लोगों ने देखा तो वह घर पर नहीं थी.
परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी. इसके बाद सोनम के माता-पिता कपाली ओपी पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने युवती की तलाश शुरू कर दी थी.
इसी बीच देर रात पता चला कि सोनम गुस्से में अपनी एक सहेली के घर चली गई थी. सोनम के पिता अफताब अंसारी ने बताया कि रात करीब 12 बजे वह सहेली के घर से अपनी बेटी को सुरक्षित घर लेकर आए.
बेटी के सकुशल मिलने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है. सोनम के पिता ने कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार सहित स्थानीय बस्तीवासियों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि बेटी के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस और इलाके के लोग खोजबीन में जुट गए थे, जिसके लिए वे सभी के प्रति आभारी हैं.

