सरायकेला/ Afroz Mallik जिले के कपाली ओपी क्षेत्र से एक 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है. युवती के अचानक गायब होने से परिवार के लोगों में चिंता और बेचैनी का माहौल है. मिली जानकारी के अनुसार कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत गौसनगर बगदादीया मस्जिद के समीप रहने वाले अफताब अंसारी की 19 वर्षीय पुत्री सोनम परवीन शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे से लापता है. परिजनों के मुताबिक सोनम परवीन कपाली स्थित झारखंड पब्लिक स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है.

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह घर में किसी बात को लेकर सोनम और उसकी मां के बीच कहासुनी हो गई थी. इसके बाद वह घर में ही मौजूद थी, लेकिन कुछ देर बाद परिवार के लोगों ने देखा तो वह घर पर नहीं थी.
परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां काफी देर तक तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. इसके बाद सोनम के माता-पिता कपाली ओपी पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है और संभावित जगहों पर जांच की जा रही है.
इधर युवती के पिता अफताब अंसारी ने आम लोगों से सहयोग की अपील की है. उन्होंने कहा है कि यदि किसी को सोनम परवीन के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत मोबाइल नंबर 9113700458 पर संपर्क कर सूचित करें. परिवार ने लोगों से बेटी को खोजने में मदद करने की अपील की है.

