सरायकेला: कपाली ओपी अंतर्गत ताजनगर स्थित बंधुगोड़ा प्राथमिक विद्यालय के पास चहारदीवारी के भीतर से शनिवार सुबह बरामद नाबालिग असरफी कॉलोनी, रोड नंबर-3 निवासी मो. शाबिर (14) के शव मामले में चौंकाने वाला साक्ष्य पुलिस के हाथ लगे हैं जिससे साबित होता है कि बच्चे की हत्या नहीं हादसे में मौत हुईं है.

घटनास्थल पर तरह- तरह की चर्चाएं होती रहीं. पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला ऊंचाई से गिरकर मौत का प्रतीत हो रहा है. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई है, जिसमें नाबालिग चहारदीवारी फांदने का प्रयास करते हुए दिखाई दे रहा है. आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार मृतक के पेट में शीशा लगा हुआ पाया गया है.
वहीं मृतक के परिजन पुलिस के इस दावे से सहमत नहीं हैं.
शाबिर के पिता मो. समीर ने बेटे की साजिशन हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि शाबिर पिछले तीन दिनों से लापता था. 25 दिसंबर को उसके लापता होने के बाद कपाली ओपी में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी. परिजनों का आरोप है कि पड़ोस का एक लड़का शाबिर को अपने साथ लेकर गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नाबालिग की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

