चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली ओपी क्षेत्र के मलिक गार्डन के पास सोमवार तड़के करीब 3 बजे एक कपड़ा गोदाम में भीषण आग लग गई. आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार गोदाम इम्तियाज़ अंसारी का है, जो ‘हेदायत इंटरनेशनल क्लॉथ’ नाम से कपड़े का कारोबार करते हैं. उनका आवास गोदाम के ठीक बगल में है.

उन्होंने बताया कि सेहरी के लिए उठने पर गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठती दिखीं, जिसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई. स्थानीय लोगों ने सामूहिक प्रयास से पानी की मदद से आग बुझाने की कोशिश की और आग को फैलने से रोक लिया. हालांकि तब तक गोदाम में रखा पूरा कपड़ा जलकर नष्ट हो चुका था.
इस घटना में करीब 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है. कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंचकर आग लगने के कारणों की जांच कर रही है. राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

