चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है. बरसात के मौसम में बिजली के पोलों पर लिपटे घने पेड़ स्थानीय लोगों के लिए जान का खतरा बनते जा रहे हैं. कई जगहों पर ये पेड़ बिजली के तारों को छू रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग को शिकायत की गई, लेकिन अब तक न तो सफाई की गई और न ही पेड़ों की छंटाई. बारिश और तेज हवा के दौरान ये पेड़ टूटकर न केवल बिजली आपूर्ति बाधित कर सकते हैं, बल्कि जान- माल का भी भारी नुकसान कर सकते हैं. निवर्तमान वार्ड पार्षद इरफान अंसारी ने मांग की है कि बिजली पोल के आस- पास पेड़ों की तत्काल छंटाई की जाए. उन्होंने कहा कि नियमित रूप से पोल व तारों की जांच कर खतरे को रोका जाए और भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए निगरानी टीम बनाई जाए.

