चांडिल/ Afroz Mallik कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 अलबेला गार्डन और इमली चौक के समीप बिजली पोल में लगे तार पूरी तरह पेड़ की शाखाओं और झाड़ियों से घिर गए हैं. इस पर स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की घोर लापरवाही पर नाराजगी जताई है और चेतावनी दी है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है.

ग्रामीणों का कहना है कि पोल के करीब घने पेड़ होने के कारण बिजली तार और पोल पूरी तरह झाड़ियों में दब गए हैं. तेज हवाओं या बारिश के दौरान तार आपस में टकराकर आग लगने, करंट फैलने या बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा बना रहता है. क्षेत्र में बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर डर का माहौल बना हुआ है.

स्थानीय निवासियों ने बताया कि कई बार विद्युत विभाग को शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि झाड़ियों की सफाई कराकर तारों को सुरक्षित किया जाए और विभाग जल्द निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाए ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके. यह दृश्य न केवल बिजली आपूर्ति को खतरे में डाल रही है बल्कि पूरे इलाके के लिए सुरक्षा का बड़ा सवाल बन गई है.

