चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली के हासाडूंगरी क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही बड़े हादसे को दावत दे रही है. चांद होटल के समीप स्थित बिजली का पोल नीचे से पूरी तरह टूट चुका है. फिलहाल यह पोल पास की चारदीवारी के सहारे टिका हुआ है, लेकिन बरसात के इस मौसम में कभी भी गिर सकता है.

स्थानीय निवासियों ने बताया कि पोल गिरने से जान- माल की बड़ी क्षति हो सकती है. राहगीरों, खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है.
लोगों का कहना है कि इसकी सूचना कई बार बिजली विभाग को दी गई, लेकिन अब तक किसी प्रकार की मरम्मत या सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इस पोल को बदलकर पास में खड़े सुरक्षित पोल पर तार कनेक्शन किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

