चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली के अलबेला गार्डन क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया. जहां ट्रांसफार्मर के पास चालू लाइन से जुड़ा बिजली पोल अचानक गिर गया. गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे जानमाल की हानि नहीं हुई.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए डीवीसी को सूचना दी. तुरंत बिजली आपूर्ति को काटा गया. बताया जा रहा है कि यह पोल नाले के किनारे मिट्टी में बेहद पास गाड़ा गया था. लगातार बारिश से नाले का बहाव तेज हो गया और मिट्टी कटकर बहने लगी. इससे पोल की नींव कमजोर पड़ गई और वह धीरे- धीरे झुकते हुए अंततः गिर गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले भी कई बार विभाग को इस स्थान पर खतरे की जानकारी दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. लोगों ने मांग की है कि ऐसे सभी पोलों की तत्काल जांच की जाए और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थापित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी गंभीर दुर्घटना से बचा जा सके.

