कपाली/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो पुलिया से एक बार फिर आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया है. जहां सोमवार की दोपहर एक अज्ञात युवती ने पुल से नीचे छलांग लगा दी. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना कपाली पुलिस को दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गोताखोरों की मदद से युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

गंभीर अवस्था में उसे तत्काल तमोलिया स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया. घटना के बाद युवती की पहचान नहीं हो सकी थी. हालांकि, बाद में पुलिस ने पुष्टि की कि उसका नाम पूनम है और वह जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र की रहने वाली है. कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम उसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि और घटना के कारणों की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती किन परिस्थितियों में डोबो पुलिया पहुंची और उसने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया.

