चांडिल/ Afroz Mallik कपाली नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अब मोहम्मद शाबान उर्फ सिंटू के हाथों में आ गई है. हाल ही में हुए नगर परिषद चुनाव में उन्होंने वार्ड संख्या 20 से पार्षद के रूप में जीत दर्ज की थी और इसके बाद उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भी विजय हासिल की.
उपाध्यक्ष बनने के बाद उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया. समर्थकों ने कपाली के कमारगोड़ा चौक से बाजा-गाजा और आतिशबाजी के साथ भव्य विजय जुलूस निकाला.


यह जुलूस कमारगोड़ा चौक से शुरू होकर पूरे नगर क्षेत्र में भ्रमण करता हुआ कई इलाकों से गुजरा, जहां लोगों ने उनका स्वागत किया. जुलूस के दौरान समर्थकों ने शाबान भाई जिंदाबाद के नारे लगाए और जीत की खुशी जाहिर की. इस दौरान मोहम्मद शाबान उर्फ सिंटू ने लोगों से मिलकर उनका धन्यवाद और आभार व्यक्त किया.
उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन के कारण ही उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है. वे कपाली नगर परिषद क्षेत्र के सभी 21 वार्डों के विकास के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम करेंगे. साथ ही क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने को प्राथमिकता दी जाएगी. मोहम्मद शाबान उर्फ सिंटू ने सभी मतदाताओं, समर्थकों और पार्षदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत जनता की जीत है.

