चांडिल/ Afroz Mallik कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 स्थित अशर्फी मस्जिद रोड के निवासी लंबे समय से जर्जर सड़क और गंदे पानी के जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं. रोजाना नमाज पढ़ने जाने वाले लोगों से लेकर बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग इस समस्या का सामना कर रहे हैं. बारिश के बाद स्थिति और भी खराब हो जाती है.

सड़क पर जमा गंदा पानी न केवल आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहा है बल्कि नमाज पढ़ने आने-जाने वाले लोगों के लिए बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ा रहा है. स्थानीय दुकानदार मोहम्मद राजा ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है.
निवासियों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों और प्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही है. लोगों ने नगर परिषद से तत्काल सड़क मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था और नियमित सफाई कराने की मांग की है ताकि आम जनजीवन सुचारू हो सके और बच्चों व बुजुर्गों को राहत मिल सके.

