दुमका: हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत झारखंड दौरे पर हैं. बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा- अर्चना के बाद सोमवार को कंगना रनौत बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने विधिवत पूजा कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया.

मंदिर परिसर पहुंचने पर पंडा- पुजारियों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद पूजा से पूर्व संकल्प कराया गया. कंगना रनौत ने शिवलिंग पर जल और फूल अर्पित कर विशेष पूजा की. पूजा के उपरांत विधिवत आरती भी कराई गई.
पूजा के बाद कंगना रनौत ने कहा कि वह पहली बार झारखंड आई हैं. यह स्थान जितना धार्मिक है, उतना ही सुंदर भी है. यहां पूजा करने से उन्हें मानसिक शांति मिली है. उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे कामना ज्योतिर्लिंग बाबा बासुकीनाथ धाम में अवश्य पूजा करें.
कंगना रनौत ने मंदिर परिसर में कुछ समय बिताया और शांत वातावरण की सराहना की. इस दौरान श्रद्धालुओं और प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ी. लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं.
बाबा बैद्यनाथ धाम के बाद बाबा बासुकीनाथ धाम में पूजा कर कंगना रनौत ने अपनी आस्था प्रकट की.

