कांड्रा/ Bipin Varshney थाना क्षेत्र के मेन रोड स्थित दो दुकानों में गुरुवार देर रात चोरी की घटना सामने आई है. पहली घटना नरेश स्टोर में हुई, जहां रात करीब 2:15 बजे अज्ञात चोर ने ग्रिल के दो ताले तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया. इसी दौरान कांड्रा थाना की रात्रि गश्ती टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस वाहन को देखते ही चोर बगल की गली से फरार हो गया. पुलिस ने उसका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह भागने में सफल रहा. पुलिस की तत्परता से नरेश स्टोर में बड़ी चोरी टल गई.

सुबह दुकान मालिक ने शटर का ताला टूटा पाया. पास की गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध की गतिविधियां कैद हो गई हैं. फुटेज के आधार पर पुलिस पहचान और गिरफ्तारी की दिशा में कार्रवाई कर रही है. दूसरी घटना में मेन रोड स्थित शेखर दत्ता के गैराज को निशाना बनाया गया. चोर वहां से पाना (रिंच सेट) और बैटरियां चोरी कर ले गए.

घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में भय और आक्रोश है. ग्रामीणों का दावा है कि पूर्व की घटनाओं में भी इसी संदिग्ध का नाम सामने आता रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

लोगों का कहना है कि कई बार भुक्तभोगी कानूनी प्रक्रिया से बचने के लिए लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराते, जिससे मामले आगे नहीं बढ़ पाते. कांड्रा थाना पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

