कांड्रा/Bipin varshney:
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कांड्रा थाना परिसर से एकता रैली निकाली गई. इस रैली का नेतृत्व कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू ने किया. रैली में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र- छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

रैली थाना परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, स्कूल रोड होते हुए पुनः थाना परिसर में पहुंची. इस दौरान बच्चों ने “एकता में शक्ति है”, “राष्ट्र की शान – हमारी पहचान”, “एकता अमर रहे” जैसे जोशीले नारे लगाकर पूरे क्षेत्र में देशभक्ति और एकजुटता का संदेश फैलाया.
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी विनोद कुमार मुरमू ने कहा कि “सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने का जो कार्य किया, वह हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है. समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए आपसी भाईचारा और एकता आवश्यक है.”
उन्होंने बच्चों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी. कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को “राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ” दिलाई गई, जिसमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया गया.

