सरायकेला/ Bipin Varshney कांड्रा थाना क्षेत्र के मेन रोड पर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप स्थित श्री राम हार्डवेयर के सामने सड़क किनारे ट्रक खड़ा करना अब दुर्घटना का कारण बनता जा रहा है. आरोप है कि सीमेंट अनलोडिंग के दौरान घंटों तक ट्रक मुख्य सड़क पर खड़ा कर दिया जाता है, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और आवागमन प्रभावित होता है.

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र का व्यस्त मार्ग है, जहां से भारी वाहनों सहित आम लोगों का लगातार आना- जाना लगा रहता है. सड़क पर ट्रक खड़े रहने से जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है और छोटे वाहनों को निकलने में काफी परेशानी होती है. इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.

ग्रामीणों ने बताया कि कई बार ऐसी स्थिति में वाहन आपस में टकराने से बाल-बाल बचे हैं. बावजूद इसके समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है. ग्रामीणों ने कांड्रा थाना पुलिस और जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे अनियंत्रित ढंग से ट्रक खड़ा करने पर रोक लगाई जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. उनका कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

