कांड्रा/ Bipin Varshney थाना क्षेत्र के कालिया ढाबा के समीप शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना में घायल युवक का एक पैर टूट गया, जबकि उसकी मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

मिली जानकारी के अनुसार डूंगरीडीह निवासी हरिपद महतो अपनी मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे. इसी दौरान कालिया ढाबा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हरिपद महतो सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका एक पैर टूट गया.
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना कांड्रा थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया. बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. फिलहाल कांड्रा थाना पुलिस मामले की जांच करते हुए अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुट गई है.

