कांड्रा/ Bipin Varshney थाना क्षेत्र के पिंड्राबेड़ा मोड़ पर गुरुवार को एक सड़क हादसे में स्कोडा कार संख्या JH 10CK 0705 अनियंत्रित होकर पलट गई. इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोग घायल हो गए.

घायलों में एक महिला और एक पुरुष को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि चालक को हल्की चोटें आई हैं.
घटना के संबंध में चालक शहवाज ने बताया कि सभी लोग मानगो के निवासी हैं और किसी कार्य से मुड़िया गए थे. वापसी के दौरान अचानक सामने से एक बाइक आ जाने के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया.
सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया. पुलिस द्वारा रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाने की कार्रवाई की गई. इस हादसे के बाद कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा. घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की आवश्यकता को रेखांकित किया है.

