कांड्रा/ Bipin Varshney रविवार देर शाम कांड्रा इंडियन पेट्रोल पंप के सामने मेन रोड पर उस समय अफरा- तफरी मच गई जब ट्रेलर संख्या NL 01AB 8057 के चालक ने नशे की हालत में वाहन चलाते हुए JRDCL के इंडिकेटर लाइट पोल को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ट्रेलर पोल को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.

हादसे के दौरान एक बाइक सवार भी ट्रेलर की चपेट में आ गया, जिसे मामूली चोटें आई हैं. घायल को मौके पर मौजूद लोगों की मदद से प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया.

घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है तथा नशे में धुत चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और नशे में वाहन चलाने सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है.

