कांड्रा/ Bipin Varshney राष्ट्रभक्ति और गर्व की भावना से ओतप्रोत वातावरण में शुक्रवार को कांड्रा थाना परिसर में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद उपस्थित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.

कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में सभी कर्मियों ने सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” का गायन किया और इसके ऐतिहासिक महत्व पर चर्चा की. थाना प्रभारी ने कहा कि 1875 में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित यह गीत भारत के स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा बन गया था. इस गीत ने देशवासियों में एकता, साहस और आज़ादी की भावना को प्रज्वलित किया.
उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम्” केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र की चेतना और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है. इस अवसर पर सभी पुलिसकर्मियों ने देश की अखंडता, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को बनाए रखने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ, जिससे पूरा थाना परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया.

