सरायकेला/ Bipin Varshney जिले के कांड्रा ग्राम निवासी 77 वर्षीय लापता बुजुर्ग महिला श्यामा देवी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है. उनके मिलने से परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है. जानकारी के अनुसार श्यामा देवी ईचागढ़ थाना क्षेत्र के पातकुम ग्राम में सड़क किनारे गिरी हुई अवस्था में मिलीं. उनके सिर में चोट लगी थी.

इसी दौरान सुइसा निवासी खो- खो खिलाड़ी बादल पोद्दार उड़ीसा से लौट रहे थे. उन्होंने सड़क किनारे महिला को गिरा देखा और मानवता का परिचय देते हुए तुरंत उन्हें पुरानडीह ग्राम स्थित विजय क्लीनिक पहुंचाया. विजय क्लीनिक में डॉ. दीपक गोराई ने प्राथमिक उपचार कर उनके सिर पर बैंडेज किया और बेहतर इलाज के लिए उन्हें ईचागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया.
गौरतलब है कि indianewsviral.in इंडिया न्यूज वायरल में प्रकाशित गुमशुदगी की खबर देखने के बाद डॉ. दीपक गोराई ने खबर में दिए गए संपर्क नंबर और संपादक को तत्काल सूचना दी. सूचना मिलते ही महिला के परिजन ईचागढ़ के लिए रवाना हो गए. श्यामा देवी के पुत्र राज नारायण ठाकुर एवं परिजनों ने मीडिया, बादल पोद्दार और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि खबर के प्रसारण और लोगों की सतर्कता से ही उनकी मां सुरक्षित मिल सकीं.

