कांड्रा/ Bipin Varshney सोमवार को महासप्तमी के शुभ अवसर पर कांड्रा क्षेत्र पूरी तरह से धार्मिक रंग में रंग गया. सुबह से ही पूजा पंडालों के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण का आलम रहा. भक्तों ने माता भगवती की आराधना पूरे विधि-विधान से की.
महासप्तमी के दिन परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं ने अपने माथे पर कलश रखकर स्थानीय जलाशय और नदी से पवित्र जल लाया और पुरे कांड्रा क्षेत्र का भ्रमण कर उसे मां दुर्गा के चरणों में अर्पित किया. जलाभिषेक के साथ ही पूजा-अर्चना का शुभारंभ हुआ. इस दौरान ढाक और मंजीरे की मधुर धुन ने वातावरण को और अधिक पावन बना दिया. भक्तों ने ‘जय माता दी’ के गगनभेदी नारों के साथ देवी की आराधना की, जिससे चारों ओर उल्लास और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला.

घर-घर में कलश स्थापना, भजनों से गूंजे आंगन


सैकड़ों परिवारों ने अपने-अपने घरों में कलश स्थापना कर मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा-अर्चना की. भक्तों ने घरों में भजन और आराधना गीत बजाकर माता की उपासना की, जिससे पूरा वातावरण श्रद्धा और आस्था से गूंज उठा.
दोनों प्रमुख पूजा पंडालों में शुरू हुआ अनुष्ठान

कांड्रा में दो प्रमुख पूजा कमेटियों द्वारा भव्य आयोजन किया जा रहा है. कांड्रा कॉलोनी दुर्गा पूजा कमेटी और सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी कांड्रा बाजार में भक्तों ने पूजा-अर्चना में भाग लिया.
कांड्रा कॉलोनी दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से अध्यक्ष होनी सिंह मुंडा,वहीं सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी कांड्रा बाजार की ओर से अध्यक्ष संजय महंती अपने सदस्यों के साथ उपस्थित थे.
पूरे क्षेत्र में उमड़ा उत्साह

महासप्तमी के अवसर पर कांड्रा की गलियां, मोहल्ले और बाजार पूरी तरह से भक्तिमय माहौल में डूब गए. हर तरफ देवी गीतों और भजनों की गूंज सुनाई दी. श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर अपने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की.
स्थानीय लोगों का कहना है कि महासप्तमी का दिन उनके लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन से देवी पूजा का उत्सव अपने चरम पर पहुंच जाता है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
