कांड्रा/ Bipin Barshney थाना क्षेत्र में कथित अपहरण का मामला सामने आया है. महताबेड़ा स्थित ससुराल से एक युवक को जबरन उठाकर ले जाने का आरोप विश्रामपुर के कुछ ग्रामीणों पर लगा है. पीड़िता राधी टुडू ने कांड्रा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी है. उन्होंने बताया कि उनके पति सालो टुडू, निवासी बड़ामारी टोला बाड़ेजोढ़ा, अपने ससुराल महताबेड़ा में रह रहे थे. बीती रात विश्रामपुर के कुछ लोग जबरन पहुंचे और उनके पति को अपने साथ ले गए. पत्नी ने आशंका जताई कि उनके पति की जान को खतरा हो सकता है.

सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विश्रामपुर में दबिश दी. पुलिस ने सालो टुडू को स्वर्गीय मदन माझी के घर से बरामद कर सुरक्षित थाना लाया. सालो टुडू ने बताया कि विश्रामपुर के ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर ले जाया. उन्होंने दारा सिंह नामक व्यक्ति का उल्लेख किया है. ग्रामीणों द्वारा उन पर एक महिला को गर्भवती करने का आरोप लगाया गया था, जिसे उन्होंने सिरे से खारिज किया है.
पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

